ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में बारात से पहले पहुंची पुलिस, रोका बाल विवाह

नवगछिया में बारात से पहले पहुंची पुलिस, रोका बाल विवाह

नव-बिहार न्यूज एजेंसी (NNA), भागलपुर : पुलिस जिला नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीपुर गांव में शुक्रवार की रात बारात से पहले पुलिस पहुंच कर एक बाल विवाह रोकने में सफल हुई। जहां तुलसीपुर निवासी सुमन मंडल की नाबालिग पुत्री गुड़िया की देर रात शादी की तैयारी चल रही थी।

जानकारी के अनुसार यहां भागलपुर से बरात आने का इंतजार हो रहा था। घर में शहनाई बज रही थी। बरात आगमन की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। इसी बीच वहां खरीक पुलिस आ पहुंची। पुलिस के आते ही अचानक पूरा माहौल बदल गया। पुलिस ने आते ही लड़की के घरवालों से उसकी उम्र से संबंधित कागजात और प्रमाण पत्र की मांग की। इस पर घरवालों ने दावा करते हुए कहा कि लड़की बालिग है। इसलिए शादी हो रही है। लेकिन घरवालों द्वारा उम्र प्रमाण पत्र नहीं दिखाया गया। मौके पर पुलिस ने फिलहाल शादी पर रोक लगा दी। यह देख लड़की के घरवालों ने तत्काल की सूचना भागलपुर में लड़के पक्ष को देकर बरात आने से रोक दिया।

थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि नाबालिग की शादी होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसपर पुलिस ने शादी पर रोक लगाते हुए लड़की के परिजन से उम्र से संबंधित कागजात की मांग की है। कागजात उपलब्ध कराने के बाद ही कानूनी तौर पर शादी करने की इजाजत दी जाएगी। इधर, शादी रोके जाने से सुमन मंडल के घर में मायूसी छा गई।