ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

ठंड से गयी 28 की जान, अगले 48 घंटे कोल्ड डे का अलर्ट

नव-बिहार न्यूज एजेंसी, भागलपुर/पटना :
राज्य में गुरुवार को ठंड से 28 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मुंगेर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी व बक्सर के दो-दो तथा पूर्वी चंपारण, शिवहर, व दरभंगा, मधेपुरा, अररिया, बांका,औरंगाबाद, वैशाली, सारण, बेगूसराय तथा कटिहार के एक-एक एवं मुजफ्फरपुर जिले के नौ व्यक्ति शामिल हैं।

भागलपुर और पटना सहित पूरे बिहार में अगले 48 घंटे तक कोल्ड-डे (शीतलहर) की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने प्रदेश में कोल्ड-डे और कोहरे के पूर्वानुमान को देखते हुए इस संबंध में अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार को पूरे दिन धुंध से दिन में रात सा नजारा रहा और कनकनी भी बढ़ी रही। सूर्यदेव के दर्शन कहीं हुए और कहीं नहीं हुए। पटना, भागलपुर और पूर्णिया में सर्वाधिक कनकनी और गलन का अहसास हुआ। गया राज्य में सबसे सर्द रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री पहुंच गया। रेल और विमान सेवाएं भी प्रभावित हैं। 13 तक अधिक ठंड पड़ने की संभावना है। 14 जनवरी को कनकनी से राहत मिल सकती है।

गया में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्र 94 प्रतिशत आंकी गई। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री और अधिकतम 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचने के कारण कोल्ड डे की स्थिति रही।

पूर्णिया का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक शुभेंदू सेन के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होने के कारण कोल्ड डे की स्थिति बनती है।

आज संभावित तापमान

शहर           न्यूनतम     अधिकतम
पटना           6             14  डिसे.
गया             5             20  डिसे.
भागलपुर      6            16  डिसे.
पूर्णिया         6            16  डिसे.