ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

रेल यात्री कृप्या ध्यान दें, वनांचल और रांची एक्सप्रेस हो रही है बंद


नव-बिहार समाचार, नवगछिया/ भागलपुर। रेल यात्री कृप्या ध्यान दें, भागलपुर रांची के बीच चलने वाली वनांचल एक्सप्रेस 14 जून से और भागलपुर रांची एक्सप्रेस 16 जून से अगले आदेश तक नहीं चलेगी। इस संबंध में बताया जा रहा है कि धनबाद और चन्द्रपुरा के बीच कोल माइन्स में कुछ समस्या हो गई है जिसके कारण वहां ट्रेनों के परिचालन को असुरक्षित मानते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जानकारी के अनुसार डायरेक्टर जेनरल ऑफ माइन्स सेफ्टी ने इस बाबत रेलवे अधिकारियों को पत्र भेजा है। वनांचल एक्सप्रेस जो भागलपुर से रांची के लिए भाया सैंथिया प्रतिदिन चलती है जबकि भागलपुर-रांची एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन भाया किउल चलती है। स्टेशन अधीक्षक ओंकार प्रसाद और चीफ यार्ड मास्टर डीसी झा के अनुसार वनांचल एक्सप्रेस 14 जून को भागलपुर से रांची के लिए रवाना नहीं होगी जबकि भागलपुर-रांची एक्सप्रेस 15 जून को रांची से ही भागलपुर के लिए नहीं खुलेगी।

भागलपुर-रांची एक्सप्रेस एक रैक की ट्रेन है। इसलिए जो ट्रेन रांची से आती है वही उसी दिन वापस रांची के लिए रवाना होती है। इन दोनों ट्रेनों के बंद होने के बाद भागलपुर से रांची के लिए सीधी ट्रेन सेवा बंद हो जाएगी। इसके बाद रांची जानेवाले यात्रियों को किसी दूसरे रूट की ट्रेन से ही रांची जाना पड़ेगा।

फिलहाल भागलपुर के यात्रियों को रांची जाने के लिये सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को नवगछिया से एक ट्रेन 18630 अप उपलब्ध है। जो न्यू जलपाईगुड़ी से रांची के बीच चलती है। जिसके नवगछिया आने का नियत समय शुक्रवार को 11:54 है तथा रांची पहुँचने का समय सुबह 3:30 बजे है।

इसके अलावा जसीडीह और टाटा नगर तक के लिये प्रतिदिन 28182 अप कटिहार टाटा लिंक एक्सप्रेस उपलब्ध है। जो बरौनी में 18182 अप छपरा टाटा एक्सप्रेस के साथ जुड़ कर जसीडीह के रास्ते टाटा तक जाती है।