ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

उत्तरप्रदेश में 'योगी राज' से भाजपा में हर्ष का माहौल

नव-बिहार समाचार, भागलपुर : उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाये जाने से भाजपा खेमे में काफी हर्ष है। स्थानीय भाजपा नेताओं ने नव नियुक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यह उम्मीद की है कि वे प्रदेश में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएंगे और राज्य में विधि व्यवस्था को पूरी तरह से ठीक रखेंगे। चुनाव के बाद से ही यूपी में सीएम के संभावित नामों में योगी आदित्यनाथ का नाम चल रहा था। शनिवार को यूपी के विधायकों ने अपने योगी को चुन ही लिया है।

इस मौके पर भागलपुर जिला अध्यक्ष अभय वर्मन ने कहा कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का दिन है। वे प्रदेश में पार्टी का प्रखर चेहरा हैं। सांसद भी कई बार रहे हैं। पार्टी आलाकमान के निर्णय से कार्यकर्ताओं में उत्साह है। योगी के नेतृत्व में अब यूपी का तेजी से विकास होगा।
वहीँ उप महापौर सह भाजपा नेत्री डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि योगी जी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं। वे करीब दो दशकों से गोरखपुर से सांसद हैं। यूपी की जनता का उनपर विश्वास है। इस विश्वास पर केंद्रीय नेतृत्व की मुहर लगी है। उनका कार्यकाल बेहतर होगा और यूपी का विकास होगा।
महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष पूनम चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयास से आज उत्तरप्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और योगी आदित्यनाथ जी वहां के मुख्यमंत्री बने। अब यूपी की जनता चैन की नींद सोयेगी और अपने उज्जवल भविष्य की कामना करेगी।
जबकि बिहपुर के पूर्व विधायक कुमार शैलेंद्र ने कहा कि यूपी भगवामय हो गया है। अब बिहार की बारी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष पर पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर अलख जगाएंगे। यूपी में मिली जीत से प्रेरणा लेकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाएंगे।
मौके पर पीरपैंती के पूर्व विधायक अमन कुमार ने कहा कि पिछली सरकार में यूपी में अपराध का ग्राफ काफी बढ़ गया था। योगी के नेतृत्व में गठित भाजपा सरकार के आने से राज्य में शांति व्यवस्था बहाल होगी।
साथ ही डॉ. मृणाल शेखर ने यूपी में योगी आदित्यनाथ का चयन होने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह ने कहा कि अब बिहार में यूपी की मिली जीत का मॉडल अपनाया जाएगा।
इधर नवगछिया जिलाध्यक्ष बिनोद मंडल और नवगछिया नगर अध्यक्ष मुकेश राणा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह के साथ साथ यूपी के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी है।