ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में मन मर्जी की है यातायात व्यवस्था

राजेश कनोडिया, नवगछिया |
नवगछिया को पुलिस जिला बने बीस साल से ज्यादा हो चुके हैं | जहां अब तक यातायात व्यवस्था के नाम पर कुछ भी नहीं है | यहाँ है तो अपनी मन मर्जी की यातायात व्यवस्था | खास कर स्टेशन रोड, मेन रोड, हड़िया पट्टी रोड, पुरानी सब्जी पट्टी रोड, पुरानी एनएसी रोड, दुर्गा मंदिर रोड इत्यादि सड़कों पर जहां
अतिक्रमण कारियों का कब्जा है | वहीं बेतरतीब तरीके से वाहनों का आना जाना और जाम लगाना जारी है |
ध्वस्त रहती है नो इंट्री
नवगछिया शहर में कभी कभार किसी खास परेशानी की वजह से लगायी जाती है नो इंट्री | जिसे कुछ ही दिनों में ध्वस्त भी कर दिया जाता है | जिसमें स्थानीय स्वार्थी तत्व, व्यापारी व पुलिस की अहम भूमिका देखी जाती है | जिस वजह से लोगों का सुरक्षित आवागमन तो दूर जगह जगह पर जाम में फंसना आम बात हो गयी है | जहां आम लोगों के साथ साथ कई अधिकारियों को भी जाम की मुशीबत झेलनी पड़ती है | समय पर ट्रेन पकड़ पाना भी एक समस्या बन जाती है |
अतिक्रमण हटाओ अभियान 
शहर में दो चार वर्षों में कभी कभार नगर पंचायत अथवा प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चला कर अपने दायित्व का निर्वाह कर लिया जाता है | इसके बाद की जिम्मेवारी स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन के भरोसे रह जाती है |
पुलिस प्रशासन कितना ज़िम्मेवार
खासकर शहर में यातायात व्यवस्था नहीं रहने के कारण हर आम व खास लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है | जहां हर कोई स्थानीय पुलिस प्रशासन को ही दोषी करार देता है | जबकि सारी गलतियाँ आम लोगों और कुछ व्यापारी वर्ग के लोगों द्वारा ही की जाती है | जिन पर स्थानीय पुलिस का कोई अंकुश नहीं लग पाता है | जिससे शहर की चौड़ी से चौड़ी सड़क भी गली से भी बदतर लगती है |
नहीं है यातायात पुलिस 
नवगछिया पुलिस जिला मुख्यालय में इस समय एक भी यातायात पुलिस नहीं है | कई वर्षों पूर्व यहाँ यातायात पुलिस की व्यवस्था बनायी गयी थी | जिसे कुछ स्वार्थी तत्वों की पहुँच ने ध्वस्त कर दिया | जो पुनः लागू नहीं की जा सकी है | जिसके फलस्वरूप चलती है वाहन चालकों की मन मर्जी |