ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

नवगछिया में भाजपा समर्थक पर गोलियों से जानलेवा हमला, भागलपुर रेफर, एक गिरफ्तार


भागलपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र में भाजपा के एक समर्थक वशिष्ठ मंडल को कथित तौर पर तीन राजद समर्थकों ने घर में घुसकर गोलियां मार जानलेवा हमला किया। घटना मेघल टोले में गुरुवार की देर रात 12.30 बजे घटी। हमलावरों ने वशिष्ठ को गोलियां उस वक्त मारी जब वह सोने के लिए बिस्तर पर लेट चुका था। गोलियां वशिष्ठ के सिर और दोनों हाथों में लगीं। जिसे नाजुक हालत में नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए तत्काल भागलपुर स्थित जेएलएनएमसीएच के आपातकालीन कक्ष में भर्ती कराया गया है । चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। 

इधर नवगछिया एसपी शेखर कुमार ने बताया कि इस्माइलपुर पुलिस ने शुक्रवार को ही एक हमलावर जगदीश मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दोनों नामजद की गिरफ्तारी भी जल्द करने का निर्देश दे दिया गया है। साथ ही मामले की गंभीरता से जांच की जायेगी। 

अस्पताल में वशिष्ठ ने बयान दिया कि उस पर हमला करने वालों में राजद के समर्थक अशोक मंडल, देवन मंडल और जगदीश मंडल शामिल थे। वशिष्ठ ने बताया कि तीनों ने गुरुवार की दोपहर उसे अपने घर से भाजपा का झंडा और बैनर हटाने को कहा था। साथ ही नहीं हटाने पर देख लेने की धमकी भी दी थी। वशिष्ठ ने बताया कि जगदीश उसके गांव मेघल टोले का निवासी है। देवन और अशोक छोटी परबत्ता के निवासी हैं। तीनों अपराधी हैं। 

घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार की दोपहर गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल भी अस्पताल पहुंचे। वशिष्ठ का हाल जाना। विधायक ने कहा कि इलाके में अशांति पैदा करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। यह लोगों का अधिकार है कि वे किसका समर्थन करें, किसका नहीं। विधायक ने कहा कि वे नवगछिया के एसपी को मामले की सही तरीके से जांच करने को कहेंगे। विधायक ने अस्पताल प्रशासन से वशिष्ठ का बेहतर उपचार करने का अनुरोध किया।
 बहरहाल वशिष्ठ पर जानलेवा हमले से मेघल टोले के साथ साथ पूरे गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। भाजपा और राजद समर्थक आमने-सामने हैं। पुलिस ने किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए एहतियाती तौर पर गश्त बढ़ाने की बात कही है। बाकी दो हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में दबिश जारी है।
मेघल टोले के ग्रामीणों का कहना है कि अपना वोट वे किसे दें, किसे ना दें, किस पार्टी के साथ रहें यह उनका अपना अधिकार है। ग्रामीणों का कहना है दियारा में इन दिनों बदमाशों की आवाजाही अधिक हो गई है। वे हथियारबंद होकर घूम-घूमकर लोगों को धमका रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार यदि यही हाल रहा तो मतदान के दिन खून-खराबा हो सकता है। पुलिस मुकदर्शक भी साबित हो सकती है।